बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 27 सितंबर। सरस्वती शिशु मंदिर बासेन में आयोजित द्वि-दिवसीय जिला स्तरीय संस्कृति महोत्सव एवं विज्ञान-वैदिक गणित प्रश्न मंच प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 12 सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के 90 से अधिक भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान रंगोली, चित्रकला, भजन, मूर्तिकला, देशभक्ति गीत, वंदे मातरम् गायन सहित विज्ञान एवं वैदिक गणित प्रश्न मंच जैसी विधाओं में विद्यार्थियों के बीच मुकाबला हुआ।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजपुर जनपद अध्यक्ष विनय भगत ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कला और ज्ञान को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्यों के समर्पण और सेवाभाव की सराहना की।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिला समन्वयक जगदीश यादव ने आयोजन में सहयोग के लिए अतिथियों, आचार्यों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष कन्हाई राम, नंदलाल गुप्ता, उदय यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजेश यादव, जिला युवा मोर्चा उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुनील गुप्ता, रोशन गुप्ता सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।