बलरामपुर
बलरामपुर/राजपुर,26 सितंबर।आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के सभी एसडीओपी, डीएसपी, थाना व चौकी प्रभारी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराध, चिटफंड व धोखाधड़ी, मर्ग जांच, गुमशुदगी, महिला अपराध, साइबर अपराध और सडक़ सुरक्षा की समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए ऑपरेशन मुस्कान को प्रभावी बनाने तथा पीडि़त मुआवजा योजना के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने कहा।
एनडीपीएस मामलों में तस्करी के लिए इस्तेमाल वाहनों को राजसात करने तथा नशे के कारोबार की वित्तीय जांच कर बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज के जरिए पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के निर्देश दिए गए। साइबर जागृति अभियान की समीक्षा करते हुए म्यूल अकाउंट, फेक एपीके, सोशल इंजीनियरिंग और ओटीपी फ्रॉड जैसे नए तरीकों से सतर्क रहने कहा गया।
महिला व बाल अपराध, विशेषकर पॉक्सो मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई करने कहा गया।