बलरामपुर
ओडिशा से बिहार जा रही थी खेप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/राजपुर, 24 सितंबर। बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप को जब्त कर वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा से गांजे की खेप बोलेरो पिकअप क्रमांक जेएच-10-एके-5144 में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए पिकअप के डाले के नीचे बॉक्सनुमा गुप्त चेंबर बना रखा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने डाले को ऊपर उठाकर चेंबर की जांच की तो उसमें 100 पैकेट में भरा कुल 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस को तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप बलरामपुर के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद कोतवाली पुलिस ने मोबाइल चेक पोस्ट (एमसीपी) लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मध्य रात्रि में अंबिकापुर की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के गुप्त चेंबर से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगीराज शाह बिहार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बलरामपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(2)(ग) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गांजे की खेप के साथ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।