बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को वन विभाग के तत्वावधान में जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक श्रमदान किया गया। घाघवा नाला में बोरी बंधान निर्माण के साथ सेंदुर नदी तट पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण किया गया। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
श्रमदान की शुरुआत घाघवा नाला में बोरी बंधान निर्माण से हुई। करीब 150 से 200 बोरियों में मिट्टी भरकर बंधान तैयार किया गया। इससे बारिश के पानी को रोकने में मदद मिलेगी, जिससे भू-जल स्तर बढऩे के साथ आसपास के क्षेत्र में जल उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और वनमंडलाधिकारी अलोक वाजपेयी ने स्वयं बोरियां उठाकर श्रमदान किया।
इसके बाद सभी सेंदुर नदी तट पहुंचे, जहां ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नदी तट एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की गई। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी और जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी श्रमदान एवं पौधारोपण में भाग लिया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जल है तो कल है। वर्षा जल को सहेजने में छोटे बंधान भी प्रभावी साबित होते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के जलस्रोतों के संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।
एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि सेवा का भाव समाज को जोड़ता है। प्रशासन और नागरिक जब मिलकर श्रमदान करते हैं तो सकारात्मक बदलाव दिखाई देता है। डीएफओ अलोक वाजपेयी ने नदी-नालों के संरक्षण और पौधारोपण को पर्यावरण सुरक्षा की बुनियाद बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस श्रमदान ने जल संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।