बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,23 सितंबर। राजस्व पटवारी संघ जिला बलरामपुर-रामानुजगंज ने खरीफ फसल गिरदावरी 2026-27 का कार्य पीवी ऐप के माध्यम से कराए जाने का विरोध किया है। संघ ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूर्व की भांति भुईयां पोर्टल के माध्यम से फसल गिरदावरी कराने की मांग की है। अन्यथा बेमुद्दत हड़ताल की चेतावनी दी है।
संघ के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार उर्मलिया ने कहा कि जल्दबाजी अथवा दबाव में पीवी ऐप से गिरदावरी कराने का असर किसानों पर पड़ सकता है। समय पर गिरदावरी नहीं होने से बड़ी संख्या में किसान अपनी खरीफ फसल समर्थन मूल्य पर बेचने से वंचित हो सकते हैं।
पटवारी संघ का कहना है कि फसलों के पहचानकर्ता और फसल संबंधी आंकड़ों के लिए जिम्मेदार कृषि विभाग के नोडल अधिकारियों को प्रक्रिया से अलग रखना उचित नहीं है। संघ ने आरोप लगाया कि पीवी ऐप से गिरदावरी कराने से पटवारियों पर अतिरिक्त मानसिक एवं शारीरिक दबाव बढ़ेगा और किसानों के बीच उनकी छवि भी प्रभावित हो सकती है।
संघ ने पीवी ऐप के माध्यम से गिरदावरी का पूर्ण बहिष्कार करने की बात कही है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शासन ने दबाव बनाकर यह कार्य कराया तो जिले के सभी पटवारी बिना पूर्व सूचना के अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और तहसीलदारों को भेजी गई है।