बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 23 सितंबर। रिश्ते और संबंध केवल सुख के समय साथ खड़े होने से नहीं, बल्कि अपनों के दुख को लंबे समय तक याद रखने से भी मजबूत होते हैं। इसी आत्मीयता की मिसाल मंत्री रामविचार नेताम ने पेश की। दिवंगत उमाशंकर राम के निधन को एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मंत्री उनके परिवार को नहीं भूले। बुधवार को वे जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के ग्राम पंचायत कमारी स्थित उनके निज निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरमुनी निकुंज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मंत्री रामविचार नेताम ने स्वर्गीय उमाशंकर राम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
स्वर्गीय उमाशंकर राम जल संसाधन विभाग में कार्यपालन अभियंता के पद पर रामानुजगंज में पदस्थ रहे थे। मंत्री रामविचार नेताम के जल संसाधन विभाग के मंत्री रहने के दौरान दोनों के बीच विभागीय दायित्वों के चलते परिचय और संबंध रहे। उमाशंकर राम के निधन के एक वर्ष से अधिक समय बाद भी उन संबंधों को याद रखते हुए मंत्री का उनके गृह ग्राम पहुंचना चर्चा का विषय रहा।
मुलाकात के दौरान मंत्री नेताम ने परिवार की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ हैं। उनके इस आत्मीय व्यवहार ने परिजनों को भावुक कर दिया।
मंत्री नेताम ने मां महामाया से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति दें।