बलरामपुर

करमा पूजा के दौरान विवाद, युवक पर टांगी से हमला, आरोपी बंदी
23-Sep-2026 7:53 PM
करमा पूजा के दौरान विवाद, युवक पर टांगी से हमला, आरोपी बंदी

राजपुर/सामरीपाठ, 23 सितंबर। बलरामपुर जिला के थाना सामरीपाठ क्षेत्र के ग्राम सेरंगदाग में करमा पूजा के दौरान हुए विवाद के बाद युवक पर टांगी से प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सुनील कुमार ने 22 सितंबर को थाना सामरीपाठ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि गांव के अखरा में करमा पूजा का आयोजन हुआ था। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे प्रार्थी के बड़े पिता शीतल नगेसिया का गांव के ही उदय नगेसिया से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर शीतल नगेसिया को उनके घर पहुंचा दिया।

आरोप है कि कुछ देर बाद उदय नगेसिया अपने घर से टांगी लेकर वापस आया और शीतल नगेसिया के पुत्र गेड़वा उर्फ भोटना नगेसिया पर हमला कर दिया। टांगी के वार से उसकी गर्दन के नीचे और पीठ में गंभीर चोट आई। आरोपी ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।

शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी उदय नगेसिया निवासी सेरंगदाग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


अन्य पोस्ट