बलरामपुर

गणेश उत्सव में शामिल हुए जिपं उपाध्यक्ष
23-Sep-2026 7:52 PM
गणेश उत्सव में शामिल हुए जिपं उपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 23 सितंबर। गणेश उत्सव को लेकर रामानुजगंज नगर में इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। नगर के विभिन्न हिस्सों में छोटे-बड़े आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए हैं, जहां भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। 14 सितंबर को प्रतिमाओं की स्थापना के बाद से पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है। गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 25 सितंबर को किया जाएगा।

इसी क्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव मंगलवार देर शाम रामानुजगंज पहुंचे। उन्होंने नगर के विभिन्न गणेश पूजा पंडालों में पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आयोजन की जानकारी ली और गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान डीजे प्रतिबंध को लेकर पूछे गए सवाल पर धीरज सिंहदेव ने कहा कि उच्च न्यायालय का आदेश है, जिसका पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पूजा आयोजनों में डीजे के बिना आयोजन में कुछ परेशानियां आती हैं। ऐसे में साउंड कम रखते हुए डीजे के उपयोग का रास्ता निकाला जा सकता है।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे शासकीय कार्यक्रमों में भी पुलिस द्वारा डीजे का उपयोग किया जाता है। उन्होंने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कम आवाज में डीजे के उपयोग की संभावना पर विचार किए जाने की बात कही।

इस दौरान बलरामपुर नगर के पार्षद मंटू गुप्ता सहित उनके मित्रगण भी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट