बलरामपुर
राजपुर/शंकरगढ़, 22 सितंबर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलफिली में लगभग 20 लाख की लागत से निर्मित चेकडैम छह महीने के भीतर ही कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गया है। चेकडैम के टूटने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह संरचना वर्षा जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई थी। किंतु निर्माण के कुछ माह बाद ही संरचना में दरारें आ गईं और वर्तमान में यह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों, डिजाइन और प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता में अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हुआ होता तो इतनी कम अवधि में यह क्षतिग्रस्त न होता। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से चेकडैम की नींव, डिजाइन और सामग्री की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी व अधिकारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा शासकीय राशि की रिकवरी (भरपाई) करने का अनुरोध किया है।
संरचना के क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक तकनीकी कारणों का स्पष्टीकरण प्रशासनिक या तकनीकी जांच के पश्चात ही हो सकेगा। फिलहाल ग्रामीण मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।