बलरामपुर

जन्मदिन पर अंकित गुप्ता की पहल, जरूरतमंद बेटियों की शादी में देंगे 15 हजार तक का सहयोग
21-Sep-2026 9:22 PM
जन्मदिन पर अंकित गुप्ता की पहल, जरूरतमंद बेटियों की शादी में देंगे 15 हजार तक का सहयोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 21 सितंबर। अपने 33वें जन्मदिन के अवसर पर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 निवासी समाजसेवी अंकित गुप्ता ने जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग करने की पहल की है। उन्होंने नगरपालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में ऐसे परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 15 हजार रुपये तक के आवश्यक सामान का सहयोग देने की घोषणा की है, जिनके माता-पिता में से किसी एक या दोनों का निधन हो चुका है। यह पहल सभी धर्म और जाति के जरूरतमंद परिवारों के लिए होगी।

अंकित गुप्ता ने बताया कि माता या पिता के निधन के बाद कई परिवारों के सामने बेटियों की शादी की जिम्मेदारी आर्थिक रूप से चुनौती बन जाती है। ऐसे परिवारों की मदद के उद्देश्य से उन्होंने अपने जन्मदिन पर यह पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पात्र परिवार की बेटी की शादी के लिए 15 हजार रुपये तक का आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सहयोग के लिए किसी औपचारिक आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी। संबंधित परिवार बेटी की शादी का कार्ड उनके आवास पर पहुंचा सकता है। इसके बाद आवश्यक जानकारी लेकर परिवार की जरूरत के अनुसार सहयोग किया जाएगा।

गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सहयोग की राशि सीधे नगद देने के बजाय शादी के लिए आवश्यक सामान की खरीद में उपयोग की जाएगी। परिवार अपनी जरूरत के अनुसार किसी भी दुकान से सामान खरीद सकेगा और निर्धारित 15 हजार रुपये तक की राशि का भुगतान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसी बेटी या बहन की शादी में क्षमता के अनुसार सहयोग करना सामाजिक जिम्मेदारी है। फिलहाल इस पहल की शुरुआत 15 हजार रुपये तक के सहयोग से की जा रही है। आने वाले समय में इसे और व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जा सके।


अन्य पोस्ट