बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 20 सितंबर। मक्का बाड़ी में नंगा विद्युत तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित करने के मामले में त्रिकुंडा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस तथा विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गोवर्धनपुर (सुईदोहर) निवासी लहन राम की 8 सितंबर को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मामले में धारा 194 बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सूचक और गवाहों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री, वाड्रफनगर से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई। जांच में पुलिस के मुताबिक गोवर्धनपुर निवासी राम सिंह (24) ने विद्युत पोल से तार खींचकर अपने घर के पास स्थित मक्का बाड़ी में सेंट्रिंग के नंगे तार से घेराबंदी की थी और उसमें बिजली का करंट प्रवाहित किया था। 8 सितंबर को लहन राम बाड़ी में जुताई करने गया था। पानी पीने के लिए राम सिंह के घर की ओर जाते समय वह मक्का बाड़ी में लगाए गए नंगे तार के संपर्क में आ गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच में आरोपी का कृत्य अपराध पाए जाने पर थाना त्रिकुंडा में अपराध क्रमांक 67/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राम सिंह को 19 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।