बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 20 सितंबर। पलगी के जंगल में अवैध रूप से साल लकड़ी काटकर उसका परिवहन किए जाने के मामले में वन विभाग ने वाहन जब्त किया है।
वाहन से साल प्रजाति के पांच ल_े बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 2.299 घनमीटर और अनुमानित कीमत 1 लाख 71 हजार 448 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग के अनुसार, वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में 20 सितंबर को कार्रवाई की गई। वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए. बानो के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सर्किल बगरा के बीट पलगी स्थित कक्ष क्रमांक 794 के जंगल में अवैध रूप से काटी गई साल लकड़ी को वाहन में लोड किया जा रहा है।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। बताया गया कि महिंद्रा वीरो वाहन को खीरा लोड करने के बहाने जंगल में बुलाया गया था, लेकिन उसमें खीरे की जगह अवैध रूप से काटी गई साल की इमारती लकड़ी लोड की जा रही थी। टीम को देखकर आरोपी जंगल की ओर भाग निकला। वनकर्मियों ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें साल के पांच ल_े मिले।
वन विभाग ने वाहन क्रमांक यूपी64 सीटी/3581 सहित साल लकड़ी जब्त कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20954/16, दिनांक 20 सितंबर 2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क), छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 की धारा 22(1) के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।