बलरामपुर
बलरामपुर (राजपुर), 20 सितंबर। डायल 112 वाहन में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में सरकारी वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक संजय मारकण्डे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और कदाचरण के आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद आरक्षक को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। घटना 7 जुलाई 2026 की रात की है। चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर क्षेत्र में संचालित डायल 112 वाहन क्रमांक सीजी-03-ए-2749 में आरक्षक संजय मारकण्डे और चालक ओमप्रकाश यादव की ड्यूटी थी। रात करीब 11.40 बजे इवेंट की सूचना मिलने पर दोनों ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के पास डायल 112 वाहन सामने से आ रही पिकअप क्रमांक पी-64-सीटी-1055 से टकरा गया। दुर्घटना में सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद दोनों के नशे में होने का संदेह होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
मामले में विभागीय जांच कराई गई। जांच में आरक्षक संजय मारकण्डे पर ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने, नशे की हालत में सरकारी वाहन को दुर्घटनाग्रस्त कराने और गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप प्रमाणित पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी वैभव बैंकर ने 19 सितंबर को आरक्षक संजय मारकण्डे को तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया।