बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में लगभग 10 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की सामूहिक रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा।
कार्यक्रम में दीपों की आकर्षक सज्जा के माध्यम से भारत का विशाल मानचित्र तैयार किया गया, जिसके भीतर छत्तीसगढ़ का मानचित्र भी उकेरा गया। इसके अलावा ‘विकसित भारत 2047’ और ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020’ को भी दीपों से आकार दिया गया। दीपों से सजे इन संदेशों ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रोज लिली बड़ा के निर्देशन एवं निगरानी में आयोजित हुआ। वरिष्ठ प्राध्यापक रमेश कुमार खैरवार का भी आयोजन में विशेष मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम में जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि डॉ. राकेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार मनोज तिवारी, समिति सदस्य आकाश तिवारी सहित पूर्व छात्र-छात्राएं, महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, शिक्षा, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। दीपों से बनाए गए भारत के मानचित्र और ‘विकसित भारत 2047’ के संदेश ने विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।