बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,17 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिला दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। 476 ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय क्षेत्रों और सुदूर गांवों तक लोगों ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित कर एकता, सेवा और विकसित भारत का संदेश दिया।
जिला मुख्यालय में मुख्य आयोजन स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में हुआ। यहां करीब 2 हजार विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ की आकृति तैयार की। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इस आकृति के दीप को प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही मैदान में 1 लाख 30 हजार दीये एक साथ जगमगा उठे।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि आज का दिन भगवान विश्वकर्मा की जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान विश्वकर्मा ने सृजन के माध्यम से संसार को आकार दिया, उसी तरह सेवा और समर्पण के माध्यम से नए भारत के निर्माण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ ने पूरे जिले को एकता के सूत्र में बांधा है और विकसित भारत 2047 का संकल्प जन-जन का संकल्प बन रहा है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिले के हर कोने में जलाए गए दीप एकजुटता और सहभागिता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि घर के आंगन में श्रद्धा से जलाया गया एक दीया भी इस अभियान में महत्वपूर्ण है। सहभागिता का मूल्य दीयों की संख्या से नहीं, बल्कि सेवा भावना से होता है।
जिले में कुल 6 लाख 46 हजार 418 दीयों के प्रज्वलन की तैयारी की गई थी। इसमें विभागीय और निकाय स्तर के 5 लाख 16 हजार 418 दीये शामिल रहे।
कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, जनपद, अनुभाग और तहसील कार्यालयों के साथ नगरीय निकायों में भी दीप सजाए गए। बलरामपुर, राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी, रामचंद्रपुर और वाड्रफनगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने अपने घर-आंगन में स्वेच्छा से दीप जलाए।
शालाओं, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, अमृत सरोवरों और पुरातात्विक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों और विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी ने आयोजन को जनउत्सव का रूप दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।-