बलरामपुर

पेनल्टी शूटआउट में सींचोरा ने चौरा को हराकर जीता नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट
16-Sep-2026 9:10 PM
पेनल्टी शूटआउट में सींचोरा ने चौरा को हराकर जीता नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,16 सितंबर। ट्राईबल टीचर्स फुटबॉल क्लब राजपुर के तत्वावधान में आयोजित नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 सीजन-01 का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में सींचोरा और चौरा की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट से विजेता का फैसला किया गया, जिसमें सींचोरा ने चौरा को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता में जिले की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने शानदार मैदानी तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन किया। पूरे मुकाबले में दोनों ओर से गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई भी टीम गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाने में सफल नहीं हो सकी।

 निर्धारित समय के बाद दोनों टीमों को पांच-पांच पेनल्टी शॉट दिए गए। इसमें सींचोरा की टीम ने 3-2 से बाजी मारते हुए प्रतियोगिता का पहला सीजन अपने नाम किया।

विजेता सींचोरा टीम को 21 हजार रुपए नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता चौरा टीम को 15 हजार रुपए नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। दोनों पुरस्कार आयोजक ट्राईबल टीचर्स फुटबॉल क्लब राजपुर की ओर से दिए गए।

समापन समारोह में अतिथियों एवं आयोजन समिति ने खिलाडिय़ों के खेल भावना की सराहना की। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुडऩे तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे, सुरेश सोनी, विकास अम्बष्ट, अरुण सोनी, पूरन देवांगन, प्रमोद ठाकुर, विक्की गुप्ता सहित आयोजन समिति के ललित किशोर, राकेश लकड़ा, जोसिंत लकड़ा, रविराज, मंगल साय, सतीश एक्का, आलोक सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के मैचों को सुचारू रूप से संपन्न कराने में रेफरी दया यादव, सोनू सिंह, संदीप दास एवं महेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट