बलरामपुर

17 को हर घर जलाएं सेवा-संकल्प का एक दीप- रामविचार
15-Sep-2026 9:05 PM
17 को हर घर जलाएं सेवा-संकल्प का एक दीप- रामविचार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 15 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम हर घर में सेवा-संकल्प का दीप जलाने की पहल की गई है।

आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने छत्तीसगढ़वासियों के साथ अपने गृह जिले बलरामपुर के नागरिकों से भी इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

मंत्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए 17 सितंबर की शाम प्रत्येक परिवार अपने घर, गांव और बूथ पर एक दीप अवश्य जलाए। यह दीप केवल रोशनी का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, विश्वास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगा।

उन्होंने कहा कि हर परिवार, युवा, माता-बहनें और सभी नागरिक 17 सितंबर को अपने घर में एक दीप जलाकर सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की सहभागिता से 17 सितंबर का दिन सेवा और संकल्प के संदेश से रोशन होगा।

मंत्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि 17 सितंबर की शाम हर घर सेवा और संकल्प के दीप से जगमगाए और नागरिक एक दीप जलाकर सेवा, समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करें।


अन्य पोस्ट