बलरामपुर

विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने की जांच, स्कूल प्रबंधन ने कहा- ऐसी समस्या नहीं
09-Sep-2026 9:19 PM
विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने की जांच, स्कूल प्रबंधन ने कहा- ऐसी समस्या नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 9 सितंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवंतपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा पाठ्यपुस्तक नहीं मिलने, परीक्षा शुल्क में वृद्धि और स्मार्ट क्लास का उपयोग नहीं करने देने को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच की। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने इन समस्याओं से संबंधित शिकायतों को लेकर कहा है कि विद्यालय में इस तरह की कोई समस्या नहीं है, हालांकि विद्यार्थियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था।

कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने 9 सितंबर को विद्यालय पहुंचकर वस्तुस्थिति की जांच की। जांच में बताया गया कि कक्षा 10वीं के हेल्थ केयर एवं कंस्ट्रक्शन विषय की पुस्तकें छत्तीसगढ़ राज्य पाठ्य पुस्तक निगम द्वारा उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। संबंधित निजी कंपनी की ओर से फिलहाल पुस्तकों की पीडीएफ विद्यालय को उपलब्ध कराई गई है, जिसके आधार पर अध्यापन कराया जा रहा है। प्राचार्य को पीडीएफ की प्रतियां निकालकर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अनुसार संबंधित पुस्तकें जल्द ही कंपनी द्वारा विद्यालय भेजी जाएंगी।

स्मार्ट क्लास को लेकर शिक्षा विभाग ने बताया कि विद्यालय में एक ही स्मार्ट क्लास उपलब्ध है, जिसका उपयोग 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए किया जा रहा था। अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए रोस्टर तैयार कर स्मार्ट क्लास के माध्यम से अध्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा शुल्क के संबंध में शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्यालय स्तर पर किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। सत्र 2026-27 में परीक्षा शुल्क में वृद्धि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा की गई है।

इस मामले में स्कूल प्रबंधन का कहना है कि विद्यालय में बताई गई तरह की कोई समस्या नहीं है। विद्यार्थियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय पहुंचकर स्थिति की जांच की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट