बलरामपुर

नवप्रवेशित विद्यार्थियों का दीक्षारंभ
08-Sep-2026 9:37 PM
नवप्रवेशित विद्यार्थियों का दीक्षारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 8 सितंबर। शासकीय लरंग साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में 8 सितंबर को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 अतिथियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रोज लिली बड़ा ने की। मुख्य अतिथि जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि डॉ. राकेश गुप्ता एवं विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता उपस्थित रहे। इस दौरान समिति के सदस्य टीआर शर्मा, पवन गुप्ता, आकाश तिवारी सहित प्राध्यापक, कर्मचारी, अभिभावक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बीए, बीएससी, बीकॉम एवं बीसीए प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्य डॉ. रोज लिली बड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, कौशल विकास और जीवन में सफलता की महत्वपूर्ण यात्रा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि विकास गुप्ता ने विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण का संदेश देते हुए कहा कि जीवन में ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे चरित्र पर दाग लगे। उन्होंने रहीम के दोहे के माध्यम से विद्यार्थियों को अच्छे आचरण के महत्व से अवगत कराया। विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा दी।

नई शिक्षा नीति प्रकोष्ठ के संयोजक रमेश कुमार खैरवार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। तकनीकी सत्र में एसबी यादव, रमेश कुमार खैरवार, पवन सिंह एवं दीपिका राजवाड़े ने नई शिक्षा नीति के उद्देश्य, विशेषताओं और विद्यार्थियों के लिए इसकी उपयोगिता पर व्याख्यान दिया। विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र में उनकी जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय एसबी यादव ने किया। विभिन्न व्यवस्थाओं में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहयोग दिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्हें निरंतर प्रयास और मेहनत के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट