बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 7 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की जिला पदाधिकारी एवं कार्यसमिति की मैराथन बैठक भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में बेहतर समन्वय, संगठनात्मक प्रवास और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने की। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल, जिला संगठन प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा, पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव एवं रामकिशुन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
‘सेवा संकल्प अभियान’ की जिला स्तरीय कार्यशाला
बैठक के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दी गई। पवन साय ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा भावना के साथ संगठन की सकारात्मक गतिविधियां पहुंचाने का आह्वान किया।
मैराथन बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री ने जिला पदाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित सुशासन, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
बैठक में जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।