बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 7 सितंबर। सोमवार को वन विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ ग्राम गम्हरिया के नारंगी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वन क्षेत्र में अवैध रूप से अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को नारंगी क्षेत्र की वन संपदा और पर्यावरणीय महत्व की जानकारी देते हुए क्षेत्र को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की।
अतिक्रमण की संभावनाओं को रोकने के लिए विभाग द्वारा अतिक्रमित क्षेत्र की सीमा लाइन पर तार फेंसिंग कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। फेंसिंग होने से वन क्षेत्र की सीमा स्पष्ट होने के साथ ही भविष्य में होने वाले अतिक्रमण पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
इस दौरान ग्रामवासियों ने वन विभाग की पहल का समर्थन करते हुए नारंगी क्षेत्र को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की बात कही। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से कहा कि भविष्य में उनके द्वारा नारंगी क्षेत्र में किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने यह भी सहमति जताई कि वन विभाग के सहयोग से आगामी वर्ष नारंगी क्षेत्र में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ वन क्षेत्र के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि वन संपदा की सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों के सहयोग से नारंगी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त एवं हरा-भरा बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।