बलरामपुर

जर्जर सडक़ देख कृषि मंत्री नेताम नाराज, एसडीओ और सब इंजीनियर के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजा
06-Sep-2026 8:45 PM
जर्जर सडक़ देख कृषि मंत्री नेताम नाराज, एसडीओ और सब इंजीनियर के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 6 सितंबर। क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रतापपुर-डवरा-सेमरसोत मार्ग की बदहाल स्थिति को देखकर कड़ी नाराजगी जताई। विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान इस मार्ग से गुजरते समय सडक़ पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी डामर की परत और जर्जर हालत देखकर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

मंत्री नेताम ने कहा कि सडक़ की समय-समय पर पेच रिपेयरिंग और आवश्यक मरम्मत कराई जाती तो आज इसकी ऐसी दुर्दशा नहीं होती। रखरखाव में लापरवाही के कारण सडक़ की स्थिति लगातार खराब होती गई, जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।

सडक़ की हालत देखकर मंत्री ने मौके से ही बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कलेक्टर से फोन पर चर्चा की और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एसडीओ और सब इंजीनियर के निलंबन की बात कही। मंत्री के निर्देश के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारियों के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अब शासन स्तर पर इस पर निर्णय होना है।

बारिश में और बढ़ जाती है परेशानी

प्रतापपुर-डवरा-सेमरसोत मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण सडक़ मार्ग है। इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्य वाहन आवागमन करते हैं। लंबे समय से सडक़ की खराब स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी थी। सडक़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार समय पर मरम्मत नहीं होने से छोटे गड्ढे लगातार बढ़ते गए और कई जगह सडक़ की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ गई है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

जिम्मेदारी तय करने पर जोर

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकारी सडक़ों के रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर देते हुए कहा कि सडक़ों की नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत आवश्यक है।

मंत्री की नाराजगी और कार्रवाई के निर्देश के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ सडक़ की मरम्मत का काम भी जल्द शुरू होगा।

 


अन्य पोस्ट