बलरामपुर

व्यवहार न्यायालय के पास एनएच-343 कीचड़ में तब्दील
05-Sep-2026 8:51 PM
व्यवहार न्यायालय के पास एनएच-343 कीचड़ में तब्दील

वाहनों के पहिए फंसने से जाम और हादसों का खतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 5 सितंबर। व्यवहार न्यायालय के समीप नेशनल हाईवे-343 की बदहाल स्थिति से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण सडक़ का यह हिस्सा कीचड़ में तब्दील हो गया है। स्थिति ऐसी है कि सडक़ पर जगह-जगह कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों को आवाजाही में काफी दिक्कत हो रही है।

एनएच-343 क्षेत्र के प्रमुख मार्गों में शामिल है और इससे रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सडक़ पर फैले कीचड़ के कारण भारी वाहनों के पहिए भी फंस रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही सडक़ पर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। वहीं, फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

दोपहिया चालकों और पैदल राहगीरों की सबसे ज्यादा परेशानी

सडक़ की बदहाल स्थिति का सबसे अधिक खामियाजा दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। कीचड़ से भरे हिस्से को पार करने के दौरान वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। कई राहगीरों को सडक़ के किनारे से होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन बारिश के दौरान हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। सडक़ पर जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी और मिट्टी मिलकर कीचड़ का रूप ले लेते हैं।

तत्काल मरम्मत की मांग

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सडक़ की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण अस्थायी सुधार के बजाय सडक़ को स्थायी रूप से दुरुस्त और पक्का किया जाना जरूरी है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है।


अन्य पोस्ट