बलरामपुर

खेत में उतरकर संभागायुक्त-कलेक्टर ने परखा डिजिटल क्रॉप सर्वे
03-Sep-2026 8:31 PM
खेत में उतरकर संभागायुक्त-कलेक्टर ने परखा डिजिटल क्रॉप सर्वे

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 3 सितंबर। सरगुजा संभाग के संभागायुक्त  नरेंद्र कुमार दुग्गा एवं कलेक्टर  चन्दन संजय त्रिपाठी ने रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम छत्तरपुर एवं कालिकापुर में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) कार्य का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर फसल आच्छादन की स्थिति और डिजिटल सर्वे की तकनीकी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया।

ग्राम छत्तरपुर में उन्होंने मूंगफली एवं धान की फसलों के सर्वे कार्य की जांच की। संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने सर्वे में लगे मैदानी अमले को फसल प्रविष्टियों में पूरी सावधानी और शुद्धता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान किसी भी किसान के रकबे अथवा फसल संबंधी जानकारी में त्रुटि नहीं होनी चाहिए।

इसके बाद ग्राम कालिकापुर में अधिकारियों ने खेतों के बीच पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की संपूर्ण प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले को निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी एवं त्रुटिरहित सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त  नरेंद्र कुमार दुग्गा एवं कलेक्टर श्रीमती चन्दन संजय त्रिपाठी ने रामचंद्रपुर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संभागायुक्त ने आम और कलेक्टर ने नींबू के पौधे का रोपण किया।

इस अवसर पर उपायुक्त सरगुजा  आर.के. खूंटे, उपायुक्त  शारदा अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी एवं एसडीएम  आनंद राम नेताम सहित अन्य अधिकारियों ने भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।


अन्य पोस्ट