बलरामपुर

30 मवेशियों को बूचडख़ाने ले जाने की तैयारी का आरोप, फरार आरोपी बंदी
31-Aug-2026 9:40 PM
30 मवेशियों को बूचडख़ाने ले जाने की तैयारी का आरोप, फरार आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज,31 अगस्त। चौकी डिंडो क्षेत्र में करीब 30 मवेशियों को कथित रूप से बूचडख़ाने ले जाने की तैयारी के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 31 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को प्रार्थी आशुतोष कुमार गुप्ता को सूचना मिली थी कि ग्राम वीरेंद्र नगर में क्रेशर के पास कुछ लोगों ने गाय, बैल और बछिया समेत करीब 30 मवेशियों को रस्सी से बांधकर रखा है। सूचना मिलने पर प्रार्थी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों को देखते ही वहां मौजूद तीन लोग भागने लगे। इनमें से एक की पहचान वीरेंद्र नगर निवासी इब्राहिम उर्फ डाबर के रूप में हुई, जो मौके से फरार हो गया। मामले में चौकी डिंडो में अपराध क्रमांक 54/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत विवेचना शुरू की गई।

घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 31 अगस्त को आरोपी इब्राहिम सिद्दीकी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने का दावा किया है। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट