बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 31 अगस्त। बलरामपुर जिला के वाड्रफनगर क्षेत्र में बनारस रोड पर रविवार रात मजदूरों से भरी बस और बोलेरो के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो सवार 60 वर्षीय ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में बस और बोलेरो में सवार कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम महुली निवासी सहदेव अपनी बेटी और दामाद को पंडरी छोडऩे के लिए सूरज देव की बोलेरो किराये पर लेकर गए थे। बेटी-दामाद को पंडरी छोडऩे के बाद बोलेरो चालक अपने एक साथी के साथ वापस महुली की ओर लौट रहा था। इसी दौरान बनारस रोड पर सामने से आ रही मजदूरों से भरी बस से बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार सहदेव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल वाड्रफनगर के शवगृह भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक के पुत्र के मुताबिक, हादसा 30 अगस्त की रात करीब 9 बजे हुआ। दुर्घटना की खबर मिलते ही महुली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।