बलरामपुर

चाचा-चाची पर हमला, आरोपी भतीजा गिरफ्तार
31-Aug-2026 9:38 PM
चाचा-चाची पर हमला, आरोपी भतीजा गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 31 अगस्त। थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रगढ़ में चाचा-चाची के साथ गंभीर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी भतीजे को राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चंद्रगढ़ निवासी ठाकुर प्रसाद गोंड और आरोपी शिवा गोंड (28) आपस में चाचा-भतीजा हैं। करीब एक सप्ताह पूर्व शिवा अपने पिता बसंत गोंड के साथ मारपीट कर रहा था। उस दौरान ठाकुर प्रसाद ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। इसी बात को लेकर शिवा अपने चाचा से रंजिश रखने लगा था।

बताया गया कि घटना के दिन आरोपी रंजिश के चलते जबरन अपने चाचा ठाकुर प्रसाद के घर में घुस गया और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। आरोपी ने पहले अपनी चाची पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद चाचा के सामने आने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया।

हमले में ठाकुर प्रसाद के पीठ, बाएं पैर, जांघ और घुटने में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी के हाथ और पीठ पर चोट लगी। पीडि़त की शिकायत पर राजपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवा गोंड को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चाकू बरामद कर जब्त किया। जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की विवेचना और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


अन्य पोस्ट