बलरामपुर

महाविद्यालयों में मतदान के प्रति किया जागरूक
29-Aug-2026 8:24 PM
महाविद्यालयों में मतदान के प्रति किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 29 अगस्त। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर एवं शासकीय संस्कृत महाविद्यालय श्रीकोट में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीयन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।

शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर के प्राचार्य नंदकिशोर सिंह ने छात्र-छात्राओं को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर मिलने वाली मतदान की जिम्मेदारी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मतदाता बनने के बाद ही नागरिक अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं। मतदान पूर्ण रूप से स्व-विवेक और व्यक्तिगत इच्छा पर निर्भर करता है तथा इसी जिम्मेदारी से देश के लोकतंत्र को मजबूती मिलती है।

स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी योगेश कुमार राठौर ने भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली एवं ऑनलाइन सेवाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान डिजिटल दौर में मतदाता पंजीयन के लिए कहीं भी जाने की आवश्यकता नहीं है। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से सीधे फॉर्म 6 भरकर नया नाम दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। साथ ही प्रविष्टियों में सुधार, स्थानांतरण या एपिक कार्ड गुम होने पर फॉर्म 8 तथा मतदाता सूची से नाम विलोपन के लिए फॉर्म 7 का उपयोग किया जा सकता है।

इसी क्रम में सामरी विधानसभा क्षेत्र के शासकीय संस्कृत महाविद्यालय श्रीकोट के छात्र-छात्राओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों एवं मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चेतन बोरघरिया ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से समय पर मतदाता पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि आने वाले निर्वाचनों में वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।


अन्य पोस्ट