बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला बलरामपुर, इकाई रामानुजगंज द्वारा ‘एक राखी कर्तव्य के नाम’ अभियान के तहत 12वीं बटालियन रामानुजगंज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात वीर जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अभाविप जिला संयोजक विकास महतो ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए जवान अपने परिवार से दूर रहकर जिस त्याग, साहस और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी के बंधन का भी प्रतीक है।
इस अवसर पर 12वीं बटालियन के कैप्टन एवं कंपनी कमांडर ने अभाविप द्वारा जवानों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाकर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना व्यक्त करना सराहनीय पहल है। उन्होंने अभाविप के राष्ट्रवादी एवं सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राखी बंधवाते समय जवानों में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से अभाविप कार्यकर्ताओं ने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में योगदान दे रहे जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और भाईचारे की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम में अभाविप रामानुजगंज नगर मंत्री सत्यम प्रजापति, नगर सह मंत्री श्रेया ठाकुर, नगर छात्रा प्रमुख सोनम सिंह, सरिता सिंह, स्मृति ठाकुर, विद्या पुरी, छवि पुरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।