बलरामपुर

राजपुर में ऑडिटोरियम और पीजी कक्षाओं की मांग, जनपद उपाध्यक्ष ने सीएम को सौंपा ज्ञापन
27-Aug-2026 9:58 PM
राजपुर में ऑडिटोरियम और पीजी कक्षाओं की मांग, जनपद उपाध्यक्ष ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,27 अगस्त। जनपद पंचायत राजपुर के विकास और क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने जनपद मुख्यालय में आधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण तथा शासकीय महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि राजपुर क्षेत्र में शासकीय, सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सर्वसुविधायुक्त सभागार का अभाव है। जनपद पंचायत मुख्यालय में आधुनिक ऑडिटोरियम बनने से प्रशासनिक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनजागरूकता अभियानों के आयोजन में सुविधा होगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को भी अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हो सकेगा।

पीजी कक्षाएं नहीं होने से छात्रों

को जाना पड़ता है बाहर

जनपद उपाध्यक्ष ने ज्ञापन में बताया कि राजपुर के शासकीय महाविद्यालय में वर्तमान में स्नातक स्तर तक ही पढ़ाई की व्यवस्था है। स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अंबिकापुर सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

उन्होंने कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि राजपुर में ही पीजी की सुविधा मिलने से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने गृहक्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा।

जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक ऑडिटोरियम और पीजी कक्षाओं की सुविधा राजपुर के शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।


अन्य पोस्ट