बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/वाड्रफनगर, 27 अगस्त। संगठित वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध साल चिरान लकड़ी से भरी पिकअपजब्त की है। वाहन से 20 साल चिरान, कुल 2.145 घनमीटर लकड़ी बरामद हुई है। जब्त वाहन और लकड़ी की अनुमानित कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
वन विभाग को 26 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि पिकअप के जरिए साल की अवैध चिरान लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्राधिकारी रामनारायण राम के नेतृत्व में वन अमले ने निगरानी शुरू की। जांच के दौरान ग्राम बसंतपुर के डूबापारा में एक पिकअप वाहन छिपाकर रखे होने की जानकारी मिली।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर यूपी 64 सीटी-7280 क्रमांक की पिकअप की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर साल प्रजाति की 20 नग चिरान लकड़ी बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 2.145 घनमीटर है।
हालांकि, वन अमले के पहुंचने से पहले ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
वन विभाग ने पिकअप वाहन और लकड़ी को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। मामले में भारतीय वन अधिनियम सहित छत्तीसगढ़ में वनोपज के परिवहन एवं व्यापार से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वाहन राजसात करने की प्रक्रिया शुरू
प्राधिकृत अधिकारी एवं उप वनमंडलाधिकारी, वाड्रफनगर द्वारा जब्त पिकअप वाहन को राजसात करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वन विभाग द्वारा अब फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से वनों की कटाई और लकड़ी के परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।