बलरामपुर

जर्जर सडक़, आप ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
25-Aug-2026 8:22 PM
जर्जर सडक़, आप ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर/रामानुजगंज, 25 अगस्त। चलगली क्षेत्र की बदहाल सडक़ों की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को तहसीलदार चलगली के माध्यम से जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने परसवार-चलगली सहित क्षेत्र के प्रमुख मार्गों की तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।

ज्ञापन में परसवार-चलगली, वाड्रफनगर व्हाया मोरन चौक-भगवानपुर-चलगली, चलगली-बलरामपुर तथा चलगली-रामानुजगंज मार्ग की बदहाली का मुद्दा उठाया गया। आप नेताओं के अनुसार करीब 18 किलोमीटर लंबा परसवार-चलगली मार्ग जगह-जगह दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढों, जलभराव और कीचड़ के कारण बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

पार्टी ने कहा कि इन मार्गों से ग्रामीणों के अलावा विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और अन्य लोग रोजाना आवागमन करते हैं। परसवार-चलगली मार्ग अंबिकापुर से जुडऩे वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जबकि अन्य सडक़ें भी क्षेत्र के गांवों और प्रमुख कस्बों को जोड़ती हैं। सडक़ की खराब स्थिति के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आप नेताओं ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी ग्रामीणों ने सडक़ों की बदहाली को लेकर आंदोलन किया था, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। पार्टी ने प्रशासन से सभी संबंधित मार्गों का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने और सात दिवस के भीतर सडक़ सुधार कार्य धरातल पर शुरू करने की मांग की है।

आम आदमी पार्टी के प्रतापपुर विधानसभा प्रभारी लव कुमार दुबे ने कहा कि क्षेत्र की जनता गड्ढों और कीचड़ से भरी सडक़ों के बजाय सुरक्षित और सुगम आवागमन चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर सडक़ सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो पार्टी क्षेत्रवासियों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

ज्ञापन कार्यक्रम को चलगली व्यापारी संघ ने भी समर्थन दिया। इस दौरान विधानसभा संगठन मंत्री सुकेश्वर यादव, गणेश मरकाम, भीम सिंह, अभिषेक देवांगन सहित आप कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं बसंत गुप्ता, विनय जायसवाल और पूर्व सरपंच गेना राम समेत अन्य ग्रामीणों ने भी सडक़ सुधार की मांग का समर्थन किया।


अन्य पोस्ट