बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 22 अगस्त। बलरामपुर थाना क्षेत्र में उपचार के दौरान तीन वर्षीय बालक की मौत में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। आरोपी की पहचान बालेश्वर सिंह सरनाडीह, थाना बलरामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को सुबह करीब 7 बजे रमेश चेरवा अपने तीन वर्षीय पुत्र अभी चेरवा को बुखार होने पर उपचार के लिए बालेश्वर सिंह के घर लेकर गया था। आरोप है कि बालेश्वर सिंह ने बालक को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के बाद बालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल बलरामपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास चिकित्सा संबंधी कार्य करने के लिए आवश्यक वैध चिकित्सकीय योग्यता अथवा पंजीयन नहीं था। इसके बावजूद उसने तीन वर्षीय बालक को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद बालक की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 271, 318 तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 27 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी बालेश्वर सिंह को 21 अगस्त को सुबह 11.35 बजे गिरफ्तार किया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।