बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 22 अगस्त। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामानुजगंज में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण समारोह एवं पालक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनूप तिवारी के मुख्य आतिथ्य में जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकगण, पालकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के विधायक प्रतिनिधि मोहन गुप्ता सांसद प्रतिनिधि प्रियंका केसरी नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण केसरी युवा मोर्चा के अश्विनी गुप्ता शाला प्रबंधन समिति के सदस्य मनोज तिवारी एवं मो. अकबर सहित शिक्षकगण, पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनूप तिवारी ने सरस्वती साइकिल योजना के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल में इस योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना के माध्यम से प्रदेश में बालिकाओं की शिक्षा के प्रति रुचि एवं विद्यालयों में उनकी उपस्थिति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा यह योजना वर्तमान में भी निरंतर संचालित है।
शैलेश गुप्ता ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए अनुशासन, समयपालन एवं विद्यालय के नियमों के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
इसी अवसर पर विद्यालय में पालक-शिक्षक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा पहली से कक्षा बारहवीं तक के सभी विद्यार्थियों एवं उनके पालकों ने सहभागिता की। सम्मेलन के दौरान स्न्र-1 (प्रथम आवधिक मूल्यांकन) में विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त परीक्षा परिणामों की जानकारी पालकों के साथ साझा की गई। साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षिक, बौद्धिक एवं सर्वांगीण विकास से संबंधित विषयों पर शिक्षकों एवं पालकों के बीच विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, विषयगत उपलब्धियों, सीखने की क्षमता तथा जिन क्षेत्रों में अधिक प्रयास की आवश्यकता है, उसके संबंध में पालकों को आवश्यक सुझाव दिए गए। पालकों ने भी विद्यार्थियों की प्रगति एवं विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय एवं पालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना रहा।