बलरामपुर

झोलाछाप डॉक्टर ने लगाया इंजेक्शन, मासूम की मौत, जांच शुरु
20-Aug-2026 9:00 PM
झोलाछाप डॉक्टर ने लगाया इंजेक्शन, मासूम की मौत, जांच शुरु

बलरामपुर,20 अगस्त। जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर कथित झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद तीन वर्षीय मासूम की मौत का मामला सामने आया है। मासूम की मौत की सूचना के बाद बलरामपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया गया है कि  जमुआटांड़ निवासी रमेश चेरवा अपने तीन वर्षीय पुत्र को बुखार आने पर उपचार के लिए सरनाडीह निवासी एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में लेकर गए थे। परिजनों के अनुसार वहां बच्चे का उपचार किया गया और उसे इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगने के बाद मासूम की तबीयत अचानक बिगडऩे लगी।

परिजन बच्चे को लेकर घर पहुंचे, जहां उसकी हालत लगातार खराब होती चली गई। परिजनों के मुताबिक बच्चा अचेत जैसी स्थिति में पहुंच गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि बुखार के उपचार के दौरान बच्चे को इंजेक्शन लगाया गया था और इसके बाद ही उसकी हालत अचानक बिगड़ी। हालांकि इंजेक्शन और बच्चे की मौत के बीच सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

 


अन्य पोस्ट