बलरामपुर

रामानुजगंज में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ
18-Aug-2026 10:12 PM
रामानुजगंज में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ

बारिश के बीच निकली कलश यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 18 अगस्त। सावन मास के  अवसर पर आयोजित  सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा के शुभारंभ से पहले कन्हर नदी के पावन तट पर स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बरसते पानी के बीच सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं, वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, समाज सेवी सुभाष जायसवाल गायत्री परिवार के टी आर शर्मा, एस पी निगम पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता, अजय केसरी, अजीत गुप्ता पार्षद सुमित गुप्ता, सुरेश पुरी, अर्जुन दास, रूपवती अशोक जायसवाल सहित हजारों श्रद्धालु भी बारिश में भीगते हुए कलश यात्रा में शामिल हुए।

कन्हर नदी से विधिवत जल उठाने के बाद कलश यात्रा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कथा स्थल पहुंची। कलश यात्रा का नगर के विभिन्न मार्गो में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया इस दौरान हर-हर महादेव और ? नम: शिवाय के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य रूप दे दिया। कलश यात्रा के दौरान नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन काका लरंगसाय टाउन हॉल, रामानुजगंज में श्री राम मंदिर एवं मां महामाया मंदिर के समीप किया जा रहा है। कथा का आयोजन 18 से 24 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगा।

 कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन के पं. कुंजबिहारी जी महाराज हैं। सात दिनों तक चलने वाली कथा में भगवान शिव की महिमा, शिव भक्ति तथा विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।

सावन मास में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजकों ने बताया कि कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा के साथ सनातन परंपराओं और आध्यात्मिक संदेशों से परिचित कराया जाएगा।

बरसते पानी में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने मंगलवार को रामानुजगंज में धार्मिक आयोजन का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। कन्हर नदी से उठे पवित्र जल के साथ शुरू हुई कलश यात्रा ने नगर में शिव भक्ति का माहौल बना दिया। सात दिनों तक चलने वाली कथा को लेकर आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होकर कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की है।


अन्य पोस्ट