बलरामपुर
राजपुर,16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गौ सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन, बासेन के सुरेंद्र यादव को सार्वजनिक समारोह में सम्मानित किया गया। उनके निरंतर सेवा कार्यों के लिए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज एवं जिला कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुरेंद्र यादव ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक प्रशस्ति-पत्र नहीं, बल्कि गौ सेवा के प्रति उनके संकल्प को और मजबूत करने वाली प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा उनका संकल्प और गौ सेवा ही उनका धर्म है। उन्होंने सेवा कार्यों में सहयोग देने वाले समाज के लोगों, गौ भक्तों, जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुरेंद्र यादव ने कहा कि सम्मान मिलने से सेवा कार्यों के प्रति जिम्मेदारी और बढ़ी है तथा वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ गौ सेवा जारी रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन, बासेन की ओर से जिला प्रशासन सहित सेवा कार्यों में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।