बलरामपुर

हाथी के हमले में बुजुर्ग ग्रामीण की मौत
16-Aug-2026 9:30 PM
हाथी के हमले में बुजुर्ग ग्रामीण की मौत

 जंगल में भैंस चराने गया था

रामानुजगंज,16 अगस्त। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर विकासखण्ड के ग्राम शिवपुर क्षेत्र में रविवार सुबह हाथी के हमले में बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 5.30 बजे चिरयी हागा जंगल क्षेत्र में हुआ।

बताया जा रहा है कि इन्द्रनाथ सिंह अपनी भैंसों को चराने के लिए जंगल गए थे, इसी दौरान झारखंड की ओर से आए नर हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेंजर दिलरुबा बानो के अनुसार, नर हाथी शिवपुरी जंगल क्षेत्र में पहुंचा था और इसी दौरान ग्रामीण उसके संपर्क में आ गया। हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल इन्द्रनाथ सिंह की मौत हो गई।

हादसे के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल भेजा गया। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन अमला आसपास के गांवों में लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि ग्रामीणों को किसी तरह के खतरे से बचाया जा सके।

रेंजर दिलरुबा बानो ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगल क्षेत्रों में जाने से बचें और वन विभाग की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

विभाग द्वारा सुबह-शाम प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। वहीं, हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत की खबर से आसपास के गांवों में भी भय का माहौल है।


अन्य पोस्ट