बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,16 अगस्त। जिले के रामचंद्रपुर विकाशखण्ड ग्राम पंचायत सनावल में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम शांडिल्य,बद्री यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, सर्व यादव समाज जिला अध्यक्ष लालमन यादव, भाजपा मंडल महामंत्री जसवंत यादव एवं अभिषेक पुशाम सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी शिक्षा की राह और सुगम बनेगी। कार्यक्रम में बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी - नेताम
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि बच्चों के नैतिक विकास के साथ-साथ खेलकूद भी बेहद आवश्यक है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यालयों में खेल सुविधाओं की उपलब्धता और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही। मंत्री ने कहा कि योजना के लाभ से कोई भी पात्र छात्रा वंचित नहीं होनी चाहिए। साइकिल वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नेताम ने क्षेत्र के ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सडक़, शिक्षा, बिजली, पेयजल सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और ग्रामीणों को समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।
पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों की शिक्षा, बच्चों के सर्वांगीण विकास और पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश दिया गया।