बलरामपुर
तलवार और भाले से हमला करने की धमकी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 11 अगस्त। ग्राम पंचायत भाला के ग्रामीणों ने श्मशान घाट में अंतिम संस्कार करने से रोकने, गाली-गलौज करने तथा तलवार और भाले से हमला करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए चौकी विजयनगर में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम भाला निवासी राजेन्द्र प्रजापति, पिता स्व. मुनेश्वर प्रजापति की 6 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे मृत्यु हो गई थी। इसके बाद 7 अगस्त को गांव के करीब 140 लोग उनके अंतिम संस्कार के लिए नदी किनारे उस स्थान पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब 10 वर्षों से अंतिम संस्कार किया जाता रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थान घरों से दूर नदी किनारे स्थित है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंतिम संस्कार के बाद शाम के समय करीब 10 ग्रामीण नदी पर अस्थियां लेने और अन्य धार्मिक रस्म पूरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम चुमरा निवासी कलीम खान और मझर खान पर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करने तथा तलवार और भाला लाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि कथित धमकी से भयभीत होकर ग्रामीण वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि घटना के कारण क्षेत्र में विवाद और दंगा-फसाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी विजयनगर को आवेदन सौंपकर मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को भी सूचना के लिए भेजी गई है।