बलरामपुर

विश्व आदिवासी दिवस पर भाजपा की उपेक्षा को ले कांग्रेस ने साधा निशाना
11-Aug-2026 8:50 PM
विश्व आदिवासी दिवस पर भाजपा की उपेक्षा को ले कांग्रेस ने साधा निशाना

आदिवासी अस्मिता और अधिकारों से कोई समझौता नहीं-पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,11 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर राजपुर कांग्रेस कार्यालय में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भाजपा सरकार की कथित उपेक्षा को लेकर जिलास्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए लुंड्रा के पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर आदिवासी समाज की उपेक्षा करने तथा उसकी सांस्कृतिक पहचान और अस्मिता को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, प्रवक्ता सुनील सिंह, महामंत्री जितेंद्र गुप्ता, लाल साय मिंज, डॉ. बीएन द्विवेदी, नारद तिवारी, मनोज अग्रवाल, सुरेश सोनी, विकास अम्बष्ट, सत्येंद्र पांडे, बृजेश मिश्रा, अश्वनी यादव, अमित यादव, सुदामा राजवाड़े, देवनारायण मरावी, विजय सिंह, मनपतिया सिंह, आनंद मसीह, जीत सिंह पोर्ते, लकनाथ, सुनील भगत, डोमनिक एक्का, सुभाष तिर्की, एडवीन मिंज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डॉ. प्रीतम राम ने पत्रकारवार्ता में कहा कि 9 अगस्त को जब पूरी दुनिया में विश्व आदिवासी दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, उस समय देश और प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के शीर्ष नेताओं, स्थानीय आदिवासी जनप्रतिनिधियों सहित राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री की ओर से भी आदिवासी समाज को बधाई संदेश जारी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 से पहले भाजपा नेताओं द्वारा इस अवसर पर बधाई संदेश दिए जाते रहे हैं। इस वर्ष सरकारी स्तर पर आयोजन नहीं होना और बधाई संदेश जारी नहीं किया जाना आदिवासी समाज की उपेक्षा को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस के विरोध के कारण भाजपा सरकार आदिवासी समाज के इस महत्वपूर्ण पर्व को लेकर उदासीन रवैया अपना रही है। डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की एकता, समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, अधिकारों और स्वाभिमान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस आदिवासियों की स्वतंत्र सांस्कृतिक पहचान के बजाय उन्हें ‘वनवासी’ के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं। छत्तीसगढ़ की बड़ी आबादी आदिवासी समाज से जुड़ी है, ऐसे में विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन से सरकार का दूरी बनाना आदिवासी समाज के प्रति उपेक्षा को दर्शाता है।

डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि आदिवासी समाज अपनी अस्मिता, अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन के अधिकारों से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपनी संस्कृति और पहचान को लेकर जागरूक है और उपेक्षा का समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा।

 

 


अन्य पोस्ट