बलरामपुर
2 किमी तक ग्रामीणों ने कंधे पर उठाकर सफर तय किया, एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी गांव तक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर/कुसमी, 10 अगस्त। बलरामपुर जिले के कुसमी जनपद पंचायत क्षेत्र के भईसापाठ में एक बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को झलगी का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर तक मरीज को कंधे पर उठाकर सफर तय किया।
जानकारी के अनुसार, भईसापाठ निवासी 50 वर्षीय रदनी की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन बस्ती तक पक्की और सुगम सडक़ नहीं होने के कारण एंबुलेंस सहित कोई अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद ग्रामीणों ने झलगी तैयार की और दो लोगों ने महिला को कंधे पर उठाकर करीब दो किलोमीटर दूर मुख्य सडक़ तक पहुंचाया।
ग्रामीणों के अनुसार, दुर्गम रास्ते और सडक़ सुविधा के अभाव में आपात स्थिति के दौरान मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर गंभीर रूप से बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं के लिए यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गांव तक सुगम सडक़ निर्माण कराने तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने की मांग की है।