बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,10 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजपुर स्थित धान मंडी प्रांगण में आदिवासी समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम एवं विशाल आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से हजारों की संख्या में समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। हाथों में पीले झंडे और समाज की एकता के नारों के साथ पूरा क्षेत्र आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लालसाय मिंज एवं डॉ. प्रतिम राम उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजक कृष्णनाथ टोप्पो थे। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष दयासागर सिंह पैकरा, अनिल खलखो, देवबली, सुनील केरकेट्टा, आलोक सिंह, अनिल भारती, रवि प्रताप मरावी, तेज प्रताप शांडिल्य, रंजीत बड़ा, पारसनाथ सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
धान मंडी प्रांगण में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आदिवासी समाज की एकजुटता, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, जल-जंगल-जमीन और सदियों पुरानी परंपराओं से जुड़ी है। इन सांस्कृतिक विरासतों को संरक्षित कर भावी पीढिय़ों तक पहुंचाना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
आमसभा के बाद आदिवासी समाज द्वारा विशाल रैली निकाली गई। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सरगुजा पेट्रोल पंप तक पहुंची। इसमें महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। पीले झंडों और गूंजते नारों से नगर का माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। वहीं युवाओं की टोली डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए अपनी संस्कृति और परंपरा का उत्सव मनाती नजर आई।