बलरामपुर
राजपुरी खुर्द-पाढ़ी के बीच गड्ढे ही गड्ढे, कीचड़ में फंस रहे भारी वाहन, घंटों लग रहा जाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,9 अगस्त। अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन हिस्से में बारिश के बाद सडक़ की स्थिति बदहाल हो गई है। राजपुरी खुर्द से पाढ़ी के बीच कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने के कारण वाहन चालकों के लिए सडक़ और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो रहा है। वहीं जगह-जगह कीचड़ जमा होने से भारी वाहनों के फंसने की स्थिति बन रही है, जिससे मार्ग पर अक्सर लंबा जाम लग रहा है।
एसडीओ एनएच बलरामपुर निखिल लकड़ा ने बताया कि ठेकेदार को बारिश खुलते ही सडक़ के खराब हिस्सों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सडक़ खराब होने की स्थिति में ठेकेदार को लगातार मरम्मत कार्य कर मार्ग को चलने योग्य बनाए रखना है, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहे।
राजपुरी खुर्द से पाढ़ी तथा बलरामपुर से रामानुजगंज तक सडक़ निर्माण का काम चल रहा है। निर्माणाधीन हिस्से में बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है। कई स्थानों पर सडक़ की सतह उखड़ गई है और गड्ढों में कीचड़ जमा है। भारी वाहनों के फंसने से यातायात प्रभावित हो रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन और गड्ढे दुर्घटना का बड़ा कारण बन सकते हैं।
अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण सडक़ मार्ग है। यह झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई क्षेत्रों को जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री बसों, छोटे वाहनों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही इस मार्ग से होती है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान भी सडक़ को आवागमन के लिए सुरक्षित और सुचारू रखना जरूरी है।
बारिश ने उजागर की निर्माण व्यवस्था की खामियां
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश होते ही निर्माणाधीन सडक़ की स्थिति खराब हो जाती है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई जगह पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। लोगों ने खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों की भराई कर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।