बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 8 अगस्त। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई राजपुर ने निर्मला प्राथमिक शाला झिंगों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर विद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल की मरम्मत कराने की मांग की है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बताया कि विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए पेयजल की सुविधा के लिए लगाए गए नल की मशीन पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है। इसके कारण विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विद्यालय की बाउंड्रीवॉल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है तथा कभी भी दुर्घटना होने की आशंका है।
परिषद ने विद्यालय प्रशासन से दोनों समस्याओं का सात दिवस के भीतर निराकरण करने की मांग की है। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजीत यादव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हित और शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर लगातार सक्रिय रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों के लिए परिषद आगे भी आवाज उठाती रहेगी। इस दौरान एबीवीपी के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।