बलरामपुर

मंत्री नेताम ने जी-राम-जी प्रशिक्षण कार्यक्रम में लिया भाग
08-Aug-2026 2:55 PM
मंत्री नेताम ने जी-राम-जी प्रशिक्षण कार्यक्रम में लिया भाग

 97 हितग्राहियों को स्वेच्छा अनुदान के चेक वितरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 7 अगस्त  । जनपद पंचायत रामानुजगंज परिसर में आयोजित वीबी-जी-राम-जी विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक  रामविचार नेताम ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, सुशासन तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री  रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री नेताम ने 97 हितग्राहियों को स्वेच्छा अनुदान के चेक वितरित किए। इनमें 34 हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संकट के समय बड़ी राहत साबित हो रही है और सरकार संवेदनशीलता के साथ पात्र लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम शांडिल्य, जिला पंचायत सदस्य बद्री यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट