बलरामपुर
पार्षद ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 7 अगस्त। शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामानुजगंज में शिक्षकों की भारी कमी के चलते छात्राओं की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। विद्यालय में कई प्रमुख विषयों के शिक्षक नहीं होने से छात्राओं को नियमित कक्षाओं के बजाय यूट्यूब और वीडियो लेक्चर के सहारे पढ़ाई करनी पड़ रही है। इस समस्या को लेकर वार्ड क्रमांक-06 के पार्षद एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने जिला कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज को ज्ञापन सौंपकर तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि विद्यालय में भौतिक शास्त्र, जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास, हिन्दी तथा संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक पद लंबे समय से रिक्त हैं। इससे छात्राओं की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है और विशेष रूप से बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है।
विकास गुप्ता ने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में उनके प्रयासों से भौतिक विज्ञान के शिक्षक की अस्थायी व्यवस्था की गई थी, जिससे छात्राओं को लाभ मिला। हालांकि, नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू होते ही यह व्यवस्था समाप्त हो गई और विद्यालय फिर से शिक्षकविहीन हो गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्राचार्य ने 2 जुलाई 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर रिक्त विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पार्षद ने कलेक्टर से मांग की है कि नियमित नियुक्ति होने तक अतिथि शिक्षक, प्रतिनियुक्ति अथवा अन्य वैधानिक व्यवस्था के माध्यम से सभी रिक्त विषयों में शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो। ज्ञापन के साथ पूर्व आवेदन, प्राचार्य का पत्र तथा शिक्षक के अभाव में छात्राओं द्वारा वीडियो के माध्यम से अध्ययन करते हुए छायाचित्र भी संलग्न किए गए हैं।
विकास गुप्ता ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन छात्राओं के भविष्य को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था करेगा।