बलरामपुर

लरंगसाय कॉलेज में करियर मार्गदर्शन व प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित
04-Aug-2026 4:05 PM
 लरंगसाय कॉलेज में करियर मार्गदर्शन व प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 4 अगस्त। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामानुजगंज में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण एवं सफलता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रोजली लाकड़ा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एस. बी. यादव, सहायक प्राध्यापक (वनस्पति शास्त्र) द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के गौरवशाली  छात्र एवं वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन, लेखा विभाग में सब ऑडिटर (द्वितीय रैंक)के पद पर चयनित बृजेश कुमार प्रजापति, ग्राम धनपुरी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छ.ग.)मुख्य प्रेरक वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर अभ्यास, सही रणनीति एवं कठिन परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वे किसान परिवार से आते हैं और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करते रहे। उन्होंने एम.कॉम द्वितीय सेमेस्टर में अध्ययनरत रहते हुए ही यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण की तथा जून 2026 में एम.कॉम चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा दी। एम.कॉम अंतिम सेमेस्टर पूर्ण होने से पूर्व ही छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सब ऑडिटर पद पर द्वितीय रैंक हासिल किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अभ्यास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की अनुशासनप्रिय एवं सकारात्मक शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना की तथा अपने विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रोज लीली बड़ा बृजेश कुमार प्रजापति को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पूर्व छात्रों की उपलब्धियां संस्थान का गौरव बढ़ाती हैं।

 इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक आर. के. खैरवार,योगेश कुमार, प्रयोगशाला तकनीशियन  उमाशंकर पांडेय,गणेश गुप्ता, जनभागीदारी प्रबंधन समिति के सदस्य, समाजसेवी, पूर्व छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय के सभी संकायों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से  बृजेश कुमार प्रजापति को स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा एवं सफलता के प्रति दृढ़ संकल्प उत्पन्न करने वाला प्रेरणादायी आयोजन रहा। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामानुजगंज निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर है।


अन्य पोस्ट