बलरामपुर

गेउर नदी उफान पर, पुल पर चढ़ा दो फीट पानी, घंटों आवागमन ठप
03-Aug-2026 9:02 PM
गेउर नदी उफान पर, पुल पर चढ़ा दो फीट पानी, घंटों आवागमन ठप

जान जोखिम में डालकर कर रहे पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 3 अगस्त। बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर दिखाई देने लगा है। रविवार रात से शुरू हुई बारिश के बाद सोमवार को राजपुर-ओकरा-कोठी पत्थल मुख्य मार्ग पर स्थित गेउर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी पर बने पुल के ऊपर करीब एक से दो फीट तक पानी बहने लगा, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सुबह लगभग 11 से दोपहर 1 बजे तक पुल के ऊपर तेज बहाव बना रहा। इसके चलते पुल के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जरूरी कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

हालांकि तेज बहाव के बावजूद कुछ लोगों ने जोखिम उठाते हुए पिकअप, मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहन पुल से पार करने का प्रयास किया। वहीं कई ग्रामीण भी जान की परवाह किए बिना पैदल ही उफनते पानी के बीच नदी पार करते नजर आए। ऐसे हालात में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही।

ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर पानी चढऩे के बावजूद मौके पर प्रशासन या संबंधित विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। न तो पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई थी और न ही लोगों को रोकने के लिए पुलिस या अन्य सुरक्षा व्यवस्था तैनात थी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में संवेदनशील पुलों और नदी-नालों पर समय रहते बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और पुलिस बल की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


अन्य पोस्ट