बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 3 अगस्त। जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बूढ़ाबगीचा में प्रस्तावित नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण को लेकर विवाद गहराने लगा है। जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने बलरामपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वर्तमान स्वीकृति निरस्त करने, निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा पूर्व में प्रस्तावित ग्राम पंचायत झिंगो में भवन निर्माण कराने के लिए संशोधित आदेश जारी करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जिला पंचायत बलरामपुर ने 15वें वित्त आयोग के स्वास्थ्य क्षेत्र अनुदान योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ग्राम पंचायत बूढ़ाबगीचा में 28.51 लाख रुपये की लागत से नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। जनपद अध्यक्ष का तर्क है कि बूढ़ाबगीचा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। ऐसे में यहां नया उप स्वास्थ्य केंद्र बनाना न तो व्यावहारिक है और न ही इससे शासकीय राशि का समुचित उपयोग हो सकेगा।
उन्होंने अपने ज्ञापन में पूर्व के प्रशासनिक पत्राचार का उल्लेख करते हुए बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) बलरामपुर ने 29 दिसंबर 2023 को जारी पत्र के माध्यम से बूढ़ाबगीचा सेक्टर के लिए ग्राम पंचायत झिंगो में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद वर्ष 2024 में ग्राम पंचायत झिंगो ने कृत्रिम पशु गर्भाधान उप केंद्र के समीप उपलब्ध शासकीय भूमि का चयन कर नक्शा, खसरा एवं बी-1 सहित आवश्यक दस्तावेज प्रशासन को उपलब्ध कराए थे।
ज्ञापन के अनुसार झिंगो, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे आसपास के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकता है। इसके बावजूद पूर्व प्रस्तावित स्थल की अनदेखी कर बूढ़ाबगीचा में निर्माण स्वीकृत किए जाने पर जनपद अध्यक्ष ने आपत्ति जताई है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि बूढ़ाबगीचा में प्रस्तावित निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाकर पूर्व निर्धारित ग्राम पंचायत झिंगो में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए संशोधित प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जाए, ताकि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित हो सके।